पौड़ी गढ़वाल:- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद में सड़कों को सुगम एवं सुरक्षित बनाने और गड्ढामुक्त करने का अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों में सड़क सुधार एवं पैचवर्क कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क मरम्मत, गड्ढा भरान, नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़कों पर बने गड्ढों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाए और पैचवर्क कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
भुवनेश्वरी मंदिर मार्ग पर जल निकासी दुरुस्त करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने भुवनेश्वरी मंदिर जाने वाले मार्ग के प्रारंभिक हिस्से का निरीक्षण करते हुए सड़क को गड्ढामुक्त बनाने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर पानी जमा होने से उसे नुकसान पहुंचता है। इसलिए जल निकासी की ऐसी व्यवस्था की जाए, जिससे जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने मलबे से अवरुद्ध पुरानी नालियों की सफाई एवं मरम्मत कराने तथा आवश्यकता के अनुसार नई नालियों का निर्माण करने को कहा। साथ ही सड़क किनारे झाड़ियों का कटान और नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
डांडापानी मोटर मार्ग पर सड़क धंसाव का लिया जायजा
जिलाधिकारी ने घुड़दौड़ी से आगे डांडापानी मोटर मार्ग पर सड़क धंसाव वाले स्थान का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार कार्य और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सड़क किनारे लगे अवैध साइन बोर्ड हटाने को भी कहा।
उन्होंने अधिकारियों को सड़क सुधार कार्यों की नियमित निगरानी करने और पैचवर्क सहित अन्य मरम्मत कार्यों का स्थलीय सत्यापन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कमियां पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
गुणवत्ता में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड (डीएलपी) के अंतर्गत आने वाली सड़कों पर पैचवर्क का कार्य संबंधित ठेकेदारों के माध्यम से कराया जाए। उन्होंने मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता की सतत निगरानी और नियमित निरीक्षण पर जोर देते हुए कहा कि सड़कों को सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखने के लिए सभी संबंधित अधिकारी जिम्मेदारी से कार्य करें।
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विवेक सेमवाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
