कुंभ की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को मिलेगी वैश्विक पहचान, युवती मधु शर्मा के डिजाइन को आधिकारिक लोगो के रूप में चुना गया।
हरिद्वार:- हरिद्वार कुंभ मेला-2027 की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुंभ के आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और गीत का लोकार्पण किया। हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से कुंभ की पहचान को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने और श्रद्धालुओं तक आयोजन से जुड़ी प्रामाणिक जानकारी पहुंचाने की दिशा में पहल की गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कुंभ भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा, सनातन संस्कृति और जनआस्था का विराट उत्सव है। हरिद्वार कुंभ का करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक महत्व है। राज्य सरकार कुंभ मेला-2027 के दिव्य एवं भव्य आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
लोगो में दिखेगी हरिद्वार की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान
हरिद्वार कुंभ-2027 के आधिकारिक लोगो में मां गंगा, हर की पैड़ी क्षेत्र, धनुष पुल और सूर्योदय की दिव्य छटा को दर्शाया गया है। इसके साथ ही शिव प्रतिमा, साधु-संतों, सनातन परंपरा के प्रतीक त्रिशूल एवं डमरू तथा मां मनसा देवी और मां चंडी देवी की पहाड़ियों को भी स्थान दिया गया है। लोगो के माध्यम से हरिद्वार की धार्मिक पहचान, मां गंगा के प्रति श्रद्धा और सनातन परंपरा की विशेषताओं को एक साथ प्रस्तुत किया गया है।
कुंभ मेला-2027 का लोगो तैयार करने के लिए मेला प्रशासन ने राज्य के युवाओं और विद्यार्थियों से डिजाइन आमंत्रित किए थे। प्राप्त सैकड़ों प्रविष्टियों में से 13 श्रेष्ठ एवं मौलिक डिजाइनों पर चयन समिति ने विचार किया। इसके बाद विकास नगर, जगजीतपुर, हरिद्वार निवासी मधु शर्मा द्वारा प्रस्तुत डिजाइन का चयन किया गया। इसी डिजाइन के आधार पर कुंभ के आधिकारिक लोगो को अंतिम रूप दिया गया।
वेबसाइट पर मिलेगी कुंभ से जुड़ी जानकारी
कुंभ मेला-2027 की आधिकारिक वेबसाइट https://haridwarkumbh.uk.gov.in का भी लोकार्पण किया गया। इस वेबसाइट के माध्यम से श्रद्धालु, आगंतुक और आमजन कुंभ से संबंधित प्रामाणिक जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे। यह डिजिटल माध्यम आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं से जुड़ी सूचनाओं तक लोगों की पहुंच आसान बनाने के साथ हरिद्वार की धार्मिक पहचान को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने में उपयोगी होगा।
‘साधु और संतों के मन में हर्ष छा गया, कुंभ का पर्व आ गया’ गीत का लोकार्पण
समारोह में कुंभ मेले के आधिकारिक गीत का लोकार्पण भी प्रमुख आकर्षण रहा। ‘साधु और संतों के मन में हर्ष छा गया, कुंभ का पर्व आ गया’ पंक्तियों से शुरू होने वाला यह गीत कुंभ के आगमन की प्रसन्नता, साधु-संतों के उत्साह और श्रद्धालुओं की आस्था को स्वर देता है। हरिद्वार निवासी गायक राघव राजा ने इस गीत की रचना, संगीत और गायन किया है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, भरत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा एवं राम सिंह कैड़ा सहित मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत भुल्लर, महानिदेशक सूचना वंशीधर तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, अपर जिलाधिकारी जितेन्द्र कुमार, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी एवं मनजीत सिंह सहित मेला और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
