21 प्रवर्तन एजेंसियों ने दिया प्रस्तुतीकरण, ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच और कानून-व्यवस्था की तैयारियों की हुई समीक्षा।

देहरादून:- उत्तराखंड विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों के मद्देनजर भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित दो दिवसीय उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का समापन हो गया। राजपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित बैठक में प्रदेश के दोनों मंडलों के आयुक्त, पुलिस अधिकारी, सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित केंद्र और राज्य सरकार की 21 प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारियों ने चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।

बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त मनीष गर्ग, महानिदेशक मीडिया आशीष गोयल, महानिदेशक आईटी सीमा खन्ना तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम सहित आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

ईवीएम की जांच और चुनावी तैयारियों पर जोर

बैठक के पहले दिन विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 के दृष्टिगत सभी जिलाधिकारियों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों तथा जिला ईवीएम नोडल अधिकारियों के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान भारत निर्वाचन आयोग की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया के तहत ईवीएम की जांच निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जा सके।

दूसरे दिन सभी जिलाधिकारियों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों ने अपने-अपने जनपदों में चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। वहीं, जिलों के पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, फोर्स डिप्लॉयमेंट प्लान, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था से संबंधित तैयारियों की जानकारी आयोग के समक्ष रखी।

भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने अब तक की तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित इलेक्शन प्लानर के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए।

21 प्रवर्तन एजेंसियों ने साझा की तैयारियां

बैठक में अर्द्धसैनिक बलों, आबकारी, जीएसटी, परिवहन, वन विभाग, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और कस्टम सहित 21 प्रवर्तन एजेंसियों ने भी चुनाव से संबंधित अपनी तैयारियों का प्रस्तुतीकरण दिया। बैठक में चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर चर्चा की गई।

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के प्रधान सचिव एस.बी. जोशी और बी.के. पाठक, कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत, गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप, आईजी निलेश आनंद भरणे, आईजी कुमाऊं रेंज नवेदिता कुकरेती, प्रभारी आईजी गढ़वाल रेंज विमि सचदेवा, स्टेट पुलिस नोडल आईजी कृष्ण कुमार वीके तथा अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे उपस्थित रहे।

इसके अलावा सभी जिलों के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तूदास सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।

बैठक का मुख्य उद्देश्य विधानसभा चुनाव 2027 के लिए प्रशासनिक, तकनीकी और सुरक्षा संबंधी तैयारियों की समीक्षा करना तथा सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों के बीच समन्वय सुनिश्चित करना रहा।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!