अंडर-14 कैरम में 32 और ओपन शतरंज में 18 खिलाड़ियों ने लिया भाग, कल से शुरू होंगे ओपन कैरम मुकाबले।

टिहरी:-  मां श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के स्वर्ण जयंती वर्ष के तहत आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों का उत्साह देखने को मिल रहा है। मैदानी खेलों के साथ ही कैरम और शतरंज जैसी इनडोर प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।

कैरम प्रतियोगिता के संयोजक रमेश असवाल ने बताया कि अंडर-14 वर्ग में स्थानीय क्षेत्रों के 32 बालक-बालिकाएं प्रतिभाग कर रहे हैं। नॉकआउट आधार पर आयोजित इन मुकाबलों में खिलाड़ियों ने एकाग्रता, धैर्य और सटीक निशाने के साथ शानदार खेल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं।

वहीं, ओपन शतरंज प्रतियोगिता में कुल 18 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के सह-संयोजक शिवम डुंडी और हितेश जोशी ने बताया कि ओपन वर्ग में जूनियर और अनुभवी खिलाड़ी एक साथ अपनी रणनीतिक क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं। शतरंज की बिसात पर खिलाड़ियों की चालों और सूझबूझ ने खेल प्रेमियों का ध्यान आकर्षित किया।

कैरम प्रतियोगिता के संयोजक रमेश असवाल ने बताया कि 15 अक्टूबर से ओपन कैरम सिंगल्स और डबल्स मुकाबले शुरू होंगे। इन प्रतियोगिताओं में क्षेत्र के वरिष्ठ और अनुभवी खिलाड़ी भी प्रतिभाग करेंगे, जिससे मुकाबलों में रोमांच और बढ़ने की उम्मीद है।

मेले के अंतर्गत आयोजित कैरम और शतरंज प्रतियोगिताएं जारी हैं। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिताओं के परिणाम अभी घोषित नहीं किए गए हैं।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!