कार्यक्रम के दौरान डॉ. अग्रवाल ने विद्यालय परिसर में विभिन्न सदनों की ओर से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और प्रस्तुतियों की सराहना की। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले गौरा देवी सदन और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले सीवी रमन सदन सहित अन्य प्रतिभागियों को सम्मानित किया। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का भी उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय को फर्नीचर के लिए विधायक निधि से 5 लाख रुपये देने की घोषणा:- विद्यालय में फर्नीचर की आवश्यकता को देखते हुए डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने विधायक निधि से 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षकों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा निखारने और उन्हें अच्छे संस्कार देने में परिवार और विद्यालय दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में लगाए गए खाद्य पदार्थों के स्टालों का भी अवलोकन किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्णानंद बिजल्वाण, पीटीए संघ अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, पूर्व अध्यापिका विभा कपूर, गंभीर सिंह तड़ियाल, आईडीपीएल के पूर्व जनसंपर्क अधिकारी कैलाश चंद्र जोशी, हॉकी कोच ओम प्रकाश गुप्ता, कार्यक्रम संचालक एवं पीटीआई पंकज सती, प्रवक्ता नरेंद्र रावत, एनएससी इंचार्ज सुशील रावत सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
