श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को श्रीनगर में आयोजित बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने ढोल-दमाऊं, पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने मेले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं ग्रामोत्थान परियोजना के तहत लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्थानीय उत्पादों तथा महिला स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक भी पीसा।
मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकास के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। केदारखंड मंदिर माला मिशन, मानसखंड मंदिर माला मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। साथ ही स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने और महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मातृशक्ति के कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक दिसंबर 2026 से वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और नकल माफिया के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है। पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है। सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
श्रीनगर को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और परिवहन सुविधाएं:- मुख्यमंत्री ने श्रीनगर क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि लगभग 200 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है। करीब 650 करोड़ रुपये की लागत से एनआईटी का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा क्षेत्र में पैरामेडिकल कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के प्रयास किए जा रहे हैं। नगर में आधुनिक बस स्टैंड और पार्किंग सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। कोटद्वार-पौड़ी-श्रीनगर सड़क के दो लेन चौड़ीकरण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का कार्य तेजी से चल रहा है। इससे क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। बेस अस्पताल श्रीनगर में लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया गया है। नगर निगम क्षेत्र में करीब नौ करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया गया है। इनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, वर्षा जल संचयन, सड़क एवं नाली निर्माण तथा पार्कों के सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्य शामिल हैं।
श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा:- मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द ही हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी। इससे स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी।
उन्होंने श्रीनगर में यूकॉस्ट के माध्यम से साइंस सिटी विकसित करने तथा श्रीनगर नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण को स्वीकृति देने की भी बात कही। इसके अलावा विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में आधुनिक घाटों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण की घोषणा की। धारी देवी मंदिर के समीप श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक घाट विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग देने की भी घोषणा की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव से संबंधित विशेष डाक आवरण का विमोचन किया। साथ ही शाइनी कृष्ण उनियाल की पुस्तक ‘मां राजराजेश्वरी चालीसा’ का भी विमोचन किया।
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में श्रीनगर क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी रचना बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी, विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी, महापौर श्रीनगर आरती भंडारी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, एसएसपी सर्वेश पंवार, सीडीओ अशोक जोशी, एसडीएम नूपुर वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
