सोंग नदी को प्रदूषण और AMR से बचाने की पहल तेज, वैज्ञानिक मॉडलिंग से तैयार होगी नदी पुनर्जीवन की कार्ययोजना।

देहरादून। उत्तराखंड में जल प्रदूषण और जलजनित रोगाणुरोधी प्रतिरोध (AMR) की चुनौतियों से निपटने के लिए ठोस कदम उठाने की दिशा में पहल शुरू की गई है। इसी क्रम में इंटरनेशनल वाटर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (IWMI) और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की (IIT Roorkee) के संयुक्त तत्वावधान में 23 और 24 नवंबर 2026 को दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जा रही है। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सोंग नदी बेसिन में जल प्रदूषण एवं रोगाणुरोधी प्रतिरोध की समस्या का वैज्ञानिक अध्ययन कर प्रभावी समाधान तैयार करना है।

कार्यशाला का विषय “Co-designing One Health Interventions for Water Pollution and Waterborne Antimicrobial Resistance (AMR) at River Basin Scale in Uttarakhand” रखा गया है। यह पहल CGIAR के सस्टेनेबल एनिमल एंड एक्वेटिक फूड्स (SAAF) कार्यक्रम के तहत वन हेल्थ दृष्टिकोण के साथ संचालित की जा रही है।

कार्यशाला में जल गुणवत्ता निगरानी और जलविज्ञान मॉडलिंग के माध्यम से सोंग नदी बेसिन में प्रदूषण के हॉटस्पॉट और रोगाणुरोधी प्रतिरोध के संभावित मार्गों की पहचान पर चर्चा की जा रही है। इसके लिए SWAT + BFTM मॉडलिंग, डिजिटल ट्विन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित पूर्वानुमान ढांचे का उपयोग किया जाएगा।

इसके साथ ही सोंग नदी के पुनर्जीवन के लिए साझा वन हेल्थ मार्गदर्शक ढांचा तैयार करने और भूमि, जल एवं खाद्य प्रणालियों में जलजनित AMR को कम करने के लिए बहु-क्षेत्रीय समाधान सूची विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

कार्यशाला में सिंचाई, प्रदूषण नियंत्रण, पशुपालन, जनस्वास्थ्य, नदी कायाकल्प, ICAR, BAIF, WHO सहित विभिन्न शोध संस्थानों और सरकारी विभागों के विशेषज्ञ भाग लेकर संयुक्त कार्ययोजना पर विचार-विमर्श कर रहे हैं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिलीप जावलकर, सचिव जलागम एवं मुख्य परियोजना निदेशक (WMD) ने कहा कि सोंग नदी के स्वास्थ्य को सुरक्षित और बेहतर बनाए रखना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। इसके लिए जल प्रदूषण नियंत्रण, जल संरक्षण और विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय के साथ नदी कायाकल्प को प्राथमिकता देनी होगी, ताकि नदी की पारिस्थितिकी और जनस्वास्थ्य दोनों सुरक्षित रह सकें।

वहीं, IIT रुड़की के प्रो. सुमित सेन ने सोंग नदी बेसिन में जल प्रदूषण और रोगाणुरोधी प्रतिरोध से निपटने के लिए एकीकृत मॉडलिंग तथा विभिन्न हस्तक्षेपों के संभावित प्रभावों के आकलन पर जोर दिया। उन्होंने कार्यशाला के दौरान SWAT + BFTM मॉडलिंग के माध्यम से सोंग नदी बेसिन की मौजूदा स्थिति और विभिन्न हस्तक्षेप परिदृश्यों का प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर नदी कायाकल्प की प्रभावी योजनाएं तैयार की जा सकती हैं।

इस दो दिवसीय कार्यशाला के माध्यम से विभिन्न विभागों, वैज्ञानिक संस्थानों और विशेषज्ञों के बीच समन्वय स्थापित कर सोंग नदी के संरक्षण, जल गुणवत्ता सुधार और जनस्वास्थ्य सुरक्षा के लिए ठोस समाधान विकसित करने पर मंथन किया जा रहा है।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!