जनगणना में जनभागीदारी बढ़ाने की पहल, स्कूलों में विद्यार्थियों को सिखाई गई स्वगणना की प्रक्रिया।
देहरादून:- आगामी जनगणना में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने और डिजिटल स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए देहरादून जनपद के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से 1,600 से अधिक छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को जनगणना की प्रक्रिया, ऑनलाइन पंजीकरण और स्वगणना के महत्व की जानकारी दी गई।
सोमवार को अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज सौड़ा सरोली, अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज थानो, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ऋषिकेश और राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल ऋषिकेश में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में जनगणना मास्टर ट्रेनर गिरीश थपलियाल तथा फील्ड ट्रेनर द्वारिका प्रसाद पुरोहित एवं डॉ. मनोज शुक्ला ने प्रतिभागियों को स्वगणना की प्रक्रिया, पंजीकरण और ऑनलाइन माध्यम से परिवार का विवरण दर्ज करने की जानकारी दी। प्रशिक्षकों ने बताया कि नागरिक स्वयं अपनी और अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर इस राष्ट्रीय अभियान में भागीदारी निभा सकते हैं।
अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज सौड़ा सरोली में प्रधानाचार्य प्रदीप बहुगुणा ने विद्यार्थियों और कर्मचारियों से स्वगणना अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की। यहां करीब 150 प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण में हिस्सा लिया।
वहीं, अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज थानो में प्रधानाचार्य दीपक नेगी ने विद्यार्थियों से अपने अभिभावकों को स्वगणना के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में 300 से अधिक छात्र-छात्राओं और 20 से अधिक शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान सभी ने स्वगणना प्रक्रिया में सहयोग करने की सामूहिक शपथ भी ली।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ऋषिकेश में प्रधानाचार्या अर्चना अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में 800 से अधिक छात्राओं और 40 से अधिक शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने भाग लिया। फील्ड ट्रेनर द्वारिका प्रसाद पुरोहित ने स्वगणना की तकनीकी प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाते हुए प्रतिभागियों से व्यावहारिक अभ्यास भी कराया।
इसी क्रम में राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल ऋषिकेश में 500 से अधिक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को डिजिटल स्वगणना की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। फील्ड ट्रेनर डॉ. मनोज शुक्ला ने स्वगणना पोर्टल के उपयोग और सटीक आंकड़े दर्ज करने के महत्व की जानकारी दी। प्रधानाचार्य डॉ. के.एन. बिजल्वाण ने विद्यार्थियों से अपने अभिभावकों को इस अभियान में सहयोग के लिए प्रेरित करने की अपील की।
गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी भाषा दर्ज करने की अपील:- जनगणना अभियान के तहत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह दिनेश प्रसाद सेमवाल ने भी मास्टर ट्रेनर एवं फील्ड ट्रेनरों के सहयोग से अपनी स्वगणना प्रक्रिया पूरी की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के नागरिकों और स्वयंसेवकों से जनगणना में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
उन्होंने विशेष रूप से जनगणना के प्रश्न संख्या-14 में अपनी वास्तविक मातृभाषा का सही उल्लेख करने पर जोर दिया। उन्होंने गढ़वाली, कुमाऊंनी, जौनसारी सहित अन्य स्थानीय भाषाओं को दर्ज करने का आह्वान किया। साथ ही हिंदी और मातृभाषा के अतिरिक्त संस्कृत का सामान्य ज्ञान रखने वाले नागरिकों से इसे अन्य ज्ञात भाषा के रूप में दर्ज करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि स्थानीय भाषाओं और संस्कृत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए जनगणना में सही जानकारी दर्ज करना महत्वपूर्ण है।
इन जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को जनगणना अभियान से जोड़कर उन्हें अपने परिवार और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि विद्यार्थी स्वगणना की प्रक्रिया को समझकर अपने अभिभावकों और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे।
