हरिद्वार में ‘नव्या 2.0’ कार्यक्रम का शुभारंभ, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और मंत्री रेखा आर्या ने किया उद्घाटन।
हरिद्वार:- उत्तराखंड सरकार की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने आज हरिद्वार में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी के साथ ‘नव्या 2.0’ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, शिक्षा, सुरक्षा, आत्मविश्वास और सर्वांगीण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बच्चों को जीवन में बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी लगन एवं मेहनत से प्रयास करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में आने वाली चुनौतियों से घबराने के बजाय आत्मविश्वास के साथ उनका सामना करना चाहिए।
उन्होंने बेटियों के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से पीछे नहीं हैं। उन्हें केवल समान अवसर, सुरक्षित वातावरण और आगे बढ़ने के लिए उचित प्रोत्साहन देने की आवश्यकता है। बेटियों को आत्मनिर्भर, सशक्त और आत्मविश्वासी बनाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। सरकार का संकल्प है कि देश की प्रत्येक बेटी और महिला सुरक्षित, आत्मनिर्भर और आत्मसम्मान के साथ आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि ‘नव्या 2.0’ जैसी पहल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण, बाल कल्याण और महिलाओं के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी सार्थक चर्चा हुई।
इस अवसर पर हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, भारत सरकार की कौशल विकास सचिव देवाश्री मुखर्जी, महिला एवं बाल विकास सचिव अनिल मलिक, सचिव चंद्रेश कुमार यादव सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।
