बहन की मौत के बाद जीजा पर गंभीर बीमारी छिपाने और फर्जी रिपोर्ट बनाने का आरोप, मुकदमा दर्ज।
देहरादून:- पौड़ी गढ़वाल निवासी एक व्यक्ति ने अपनी बहन की मृत्यु के बाद उसके पति पर गंभीर बीमारी छिपाने और फर्जी जांच रिपोर्ट तैयार कराने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी बहन को 14 फरवरी 2026 को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान हुई जांच में महिला एचआईवी संक्रमित पाई गई। इसके बाद चिकित्सकों ने उनके पति और पुत्र की भी जांच कराने की सलाह दी थी।
आरोप है कि महिला का पति अस्पताल से चला गया और उसने अपनी जांच नहीं कराई। कुछ दिनों बाद उसने व्हाट्सएप के माध्यम से अपनी एचआईवी जांच रिपोर्ट भेजी, जिसे ग्राफिक एरा अस्पताल, धूलकोट की रिपोर्ट बताया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार अस्पताल प्रशासन से जानकारी लेने पर पता चला कि रिपोर्ट पर दर्ज यूएचआईडी नंबर किसी अन्य महिला मरीज का था तथा संबंधित व्यक्ति के नाम से कोई जांच रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं मिला।
शिकायत में फर्जी रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत किए जाने की आशंका जताई गई है। यह भी आरोप लगाया गया है कि पति ने बाद में इन्द्रेश अस्पताल में दोबारा जांच कराने से भी इनकार कर दिया था।
परिजनों के अनुसार उपचार के दौरान 2 मार्च 2026 को महिला की मृत्यु हो गई। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने अपनी बीमारी की जानकारी छिपाई, फर्जी दस्तावेजों का सहारा लिया और मृतका की सामाजिक प्रतिष्ठा को भी नुकसान पहुंचाया।
प्रेमनगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
