देहरादून। मौसम की स्थिति में सुधार के बाद उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पुनः सुचारू कर दी गई है। गढ़वाल मंडल आयुक्त श्री आनंद स्वरूप ने बताया कि इस संबंध में सभी संबंधित जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

आयुक्त ने बताया कि मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के आधार पर यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 26 सितंबर की दोपहर से 27 सितंबर 2026 तक चारधाम यात्रा स्थगित की गई थी। अब मौसम में सुधार होने के बाद यात्रा को पुनः संचालित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि संबंधित जिलाधिकारी अपने-अपने जनपदों की स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार यात्रा संचालन को लेकर आवश्यक निर्णय ले सकते हैं। यदि किसी स्थान पर यात्रा मार्ग अवरुद्ध होता है या अत्यधिक वर्षा एवं प्रतिकूल मौसम की स्थिति बनती है, तो जिलाधिकारी अपने स्तर से यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर सकते हैं।

आयुक्त आनंद स्वरूप ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन द्वारा मौसम और यात्रा मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

उन्होंने यात्रियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की कि वे यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की जानकारी प्राप्त करें और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए ही यात्रा करें।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!