क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में शुरू हुआ पंजीकरण, विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां लेंगी साक्षात्कार।

देहरादून:- जनपद के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून द्वारा आगामी 11 अगस्त, 2026 को प्रातः 9.30 बजे से कार्यालय परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित निजी कंपनियां कुल 559 रिक्त पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर चयन प्रक्रिया संपन्न करेंगी।

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने बताया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के इच्छुक अभ्यर्थियों का पंजीकरण 04 अगस्त, 2026 से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में प्रारंभ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इच्छुक अभ्यर्थी साक्षात्कार में सम्मिलित होने से पूर्व किसी भी कार्य दिवस पर कार्यालय पहुंचकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि पंजीकरण के समय अभ्यर्थियों को अपना बायोडाटा, मूल शैक्षिक एवं अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्र तथा उनकी छायाप्रतियां, सेवायोजन कार्यालय का पंजीयन कार्ड, पासपोर्ट आकार के फोटो एवं वैध पहचान-पत्र (आईडी प्रूफ) साथ लाना अनिवार्य होगा।

रोजगार मेले में सीएएमपी-108, एनआईटीटी लिमिटेड, परिश्रम रिसोर्स प्राइवेट लिमिटेड, डिक्सॉन, एक्सिस बैंक, आईजोन, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, बारबेक्यू नेशन, आईपीसीए, मोचिको तथा टीआई मेडिकोज सहित विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। इन कंपनियों द्वारा कुल 559 रिक्त पदों पर अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जाएगा।

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाली कंपनियों एवं उपलब्ध रिक्तियों की संख्या परिस्थितियों के अनुसार घट या बढ़ सकती है। उन्होंने जनपद के अधिक से अधिक शिक्षित एवं रोजगार के इच्छुक युवाओं से समय रहते पंजीकरण कराकर रोजगार मेले का लाभ उठाने की अपील की।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!