‘सड़क नहीं तो वोट नहीं’ के नारों से गूंजा गांव, आंदोलन तेज करने की चेतावनी।
जनस्वर न्यूज़ | कोटद्वार/द्वारीखाल::- द्वारीखाल ब्लॉक के दीवा गांव में सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी कोटद्वार के पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद डबराल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए “सड़क नहीं तो वोट नहीं” के नारे लगाए और शासन-प्रशासन के साथ स्थानीय विधायक के खिलाफ नाराजगी जताई।
ग्रामीणों का कहना है कि राज्य गठन के 25 वर्ष बीत जाने के बावजूद उनका गांव आज तक सड़क सुविधा से नहीं जुड़ पाया है। कई बार मांग उठाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में भारी रोष है।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधि केवल चुनाव के समय गांव पहुंचते हैं, लेकिन मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए जाते। उन्होंने क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो आगामी चुनाव में “सड़क नहीं तो वोट नहीं” के संकल्प के साथ लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया जाएगा।
