एसजीआरआर पब्लिक स्कूल ने प्राथमिक वर्ग के दोनों वर्गों में मारी बाजी, डिग्री कॉलेज और पॉलीटेक्निक की प्रस्तुतियों ने भी मोहा मन।
टिहरी:- सिद्धपीठ मां श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या स्कूली बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों और रंगारंग कार्यक्रमों के नाम रही। मुख्य पंडाल में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, क्रिश ज्योति और आंचल विद्या भारती के बच्चों ने नृत्य, संगीत और संदेशपरक नाटकों के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया।
क्रिश ज्योति के बच्चों ने ‘मराठी रीमिक्स’ पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी, वहीं आंचल विद्या भारती के बच्चों ने ‘बम-बम भोले मस्ती में डोले’, देशभक्ति गीत तथा ‘झटका जरा सा’ और ‘इतनी सी खुशी’ जैसे बॉलीवुड रीमिक्स पर प्रस्तुतियां दीं। गुरु राम राय पब्लिक स्कूल के बच्चों ने ‘फोन एडिक्शन’ विषय पर नाटक प्रस्तुत कर मोबाइल फोन के अत्यधिक इस्तेमाल से होने वाले प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
प्रारंभिक प्रस्तुतियों के बाद प्राथमिक विद्यालय वर्ग की मुख्य सांस्कृतिक प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें सात विद्यालयों ने ऐच्छिक और अनिवार्य वर्ग में प्रतिभाग किया। छात्र-छात्राओं ने गणेश वंदना, महिषासुर वध, रक्तबीज, ‘गुंजन अस्थाना’ थीम, शिव संवाद, हरियाणवी गीतों तथा गढ़वाली लोकगीतों और शास्त्रीय गीतों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में श्री गुरु राम राय (एसजीआरआर) पब्लिक स्कूल ने ऐच्छिक और अनिवार्य, दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शिशु विद्या मंदिर, नरेंद्रनगर ने दोनों वर्गों में द्वितीय स्थान हासिल किया।
उच्च वर्ग की प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय (धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय) और राजकीय पॉलीटेक्निक, नरेंद्रनगर ने प्रतिभाग किया। दोनों संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने ‘नंदा देवी राजजात’ विषय पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। अनिवार्य वर्ग में राजकीय महाविद्यालय, नरेंद्रनगर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ऐच्छिक वर्ग में राजकीय पॉलीटेक्निक, नरेंद्रनगर ने ‘जागंतु सॉन्ग’ पर प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान हासिल किया।
सांस्कृतिक प्रतियोगिता में शालिनी जोशी, शैलेन्द्र नौटियाल और कुमारी राधा ने निर्णायक की भूमिका निभाई। बच्चों की प्रस्तुतियों ने मुख्य पंडाल में उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और मेले की सांस्कृतिक छटा को और आकर्षक बनाया।
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष विमल नेगी, उप जिलाधिकारी आशीष चंद्र घल्ड़ियाल, सभासद सचिन भंडारी, पुष्पा राणा, ममता, विनीता, सरिता जोशी, महेश गुसाईं, सहित पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी और अन्य लोग मौजूद रहे।
