डीएम डॉ. आशीष चौहान ने जनपद स्तर पर संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की।

देहरादून:- जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जनपद स्तर पर संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की उपलब्धियों और प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुल 25 योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति के साथ राजस्व प्राप्ति और प्रवर्तन कार्यों की भी समीक्षा की गई।

बैठक में ईको टूरिज्म, पर्यटन नीति और होमस्टे योजना से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कूड़ा निस्तारण, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP), प्लास्टिक कचरा प्रबंधन, रीसाइक्लिंग प्लांट तथा स्रोत स्तर पर कूड़े के पृथक्करण की व्यवस्था की जानकारी ली।

रिस्पना नदी में ट्रैश स्क्रीन लगाने पर विचार:- कूड़ा निस्तारण की चुनौतियों और नदियों में कचरा फेंके जाने की घटनाओं को लेकर जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने नालों एवं पुलियाओं से बहकर आने वाले कचरे को रोकने के लिए ट्रैश स्क्रीन के उपयोग की संभावना तलाशने के निर्देश दिए। इसके लिए रिस्पना नदी पर पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने के संबंध में भी चर्चा हुई।

जिलाधिकारी ने नागरिकों को नदियों में कचरा न फेंकने के लिए जागरूक करने तथा व्यवहार परिवर्तन के उद्देश्य से जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया।

पार्किंग के लिए स्थल चिह्नित करने के निर्देश:- पार्किंग और यातायात संबंधी योजनाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को ऐसे उपयुक्त स्थलों को चिह्नित करने के निर्देश दिए, जिन्हें पार्किंग स्थल के रूप में विकसित किया जा सके। उन्होंने कहा कि स्थल चयन के दौरान मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के मास्टर प्लान को भी ध्यान में रखा जाए।

नशामुक्ति अभियान समेत अन्य योजनाओं की समीक्षा:- बैठक में निराश्रित पशुओं के लिए कैटल पाउंड, SARRA, ‘कैच द रेन’ योजना और नशामुक्ति अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा, नगर आयुक्त ऋषिकेश विजय नाथ शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!