पौड़ी:- किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य उपलब्ध कराने और पहाड़ी क्षेत्रों में पारंपरिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिलेट्स मिशन योजना के तहत पौड़ी गढ़वाल में आज से मिलेट्स खरीद अभियान शुरू हो गया है। जनपद में बहुद्देशीय प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियों के माध्यम से 17 क्रय केंद्रों पर किसानों से मंडुवा सहित अन्य पहाड़ी उपज की खरीद की जाएगी।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने अधिकारियों को क्रय केंद्रों पर किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने किसानों से निर्धारित क्रय केंद्रों पर उपज उपलब्ध कराकर सरकार द्वारा निर्धारित खरीद मूल्य का लाभ उठाने की अपील की।

प्रदेशभर में इस वर्ष 250 क्रय केंद्रों के माध्यम से मंडुवा, झंगोरा, दालें, तिलहन, चौलाई सहित अन्य पहाड़ी उत्पादों की खरीद की जाएगी। उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ (यूसीएफ) के माध्यम से गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों में किसानों से सीधे उपज खरीदी जाएगी, जबकि अन्य पहाड़ी उत्पादों की खरीद बाजार मूल्य के आधार पर यूसीएफ हाट के माध्यम से की जाएगी।

मंडुवा का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5,205 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। यह पिछले वर्ष के 4,886 रुपये प्रति क्विंटल के मुकाबले 319 रुपये अधिक है।

वर्ष 2025-26 में पौड़ी जनपद में 17 क्रय केंद्रों के माध्यम से 831 किसानों से 10,941 क्विंटल मंडुवा खरीदा गया था। वहीं, मंडुवा उपलब्ध कराने वाले स्वयं सहायता समूहों/समूहों को कृषि विभाग की ओर से 150 रुपये प्रति क्विंटल प्रोत्साहन राशि भी दी गई थी।

सहकारिता निबंधक सुमन कुमार ने बताया कि किसानों की सुविधा और उपज की उपलब्धता को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने किसानों से निर्धारित केंद्रों पर अपनी उपज उपलब्ध कराने की अपील की है।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!