रुद्रप्रयाग: सेवा संकल्प अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अनुपालन के तहत जनपद रुद्रप्रयाग में स्वच्छता को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय रुद्रप्रयाग के कार्यालय एवं विश्राम गृह परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अभियान में कार्यालय में कार्यरत सभी कार्मिकों ने सहभागिता करते हुए परिसर की साफ-सफाई की। इस दौरान स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।
वहीं, अध्यक्ष, पूर्व सैनिक संगठन ब्लॉक अगस्त्यमुनि की अगुवाई में पूर्व सैनिकों ने न्यू बस स्टैंड रुद्रप्रयाग में भी स्वच्छता अभियान चलाया। पूर्व सैनिकों ने श्रमदान कर बस स्टैंड परिसर की साफ-सफाई की और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर पूर्व सैनिकों ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ एवं साफ-सुथरा वातावरण बेहद जरूरी है। उन्होंने आमजन से अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
