उत्तराखण्ड फिल्म नीति-2024 के अंतर्गत वर्ष 2024 एवं 2025 के लिए चयनित दोनों विभूतियों को उत्तराखण्डी सिनेमा, लोक संस्कृति एवं कला जगत में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। दोनों कलाकारों को ₹2-₹2 लाख की पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
वर्ष 2024 के लिए प्रसिद्ध लोकगायक श्री नरेंद्र सिंह नेगी को सम्मानित किया गया। उन्होंने अपने लोकगीतों के माध्यम से उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, परंपराओं, सामाजिक सरोकारों और जनभावनाओं को स्वर देकर प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयां प्रदान की हैं।
वहीं, वर्ष 2025 के लिए सुप्रसिद्ध अभिनेता श्री हेमंत पांडेय को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रदान किया गया। उन्होंने अपने शानदार अभिनय के माध्यम से उत्तराखण्ड को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है और भारतीय फिल्म एवं मनोरंजन जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
राज्य सरकार द्वारा उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक संस्कृति, क्षेत्रीय सिनेमा एवं कला जगत को प्रोत्साहित करने तथा इन क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से उत्तराखण्ड फिल्म पुरस्कार प्रदान किए जा रहे हैं।
