उत्तराखंड दौरे पर नीति आयोग की टीम, मुख्य सचिव ने विकास और स्वास्थ्य सुधारों पर रखा फोकस।

 जनस्वर न्यूज | देहरादून /08 जुलाई 2026

देहरादून, 08 जुलाई 2026। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे नीति आयोग के सदस्य डॉ. एम. श्रीनिवास एवं उनकी टीम का स्वागत किया। बैठक में राज्य की विकास यात्रा, आर्थिक प्रगति और भविष्य की प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम ने राज्य की प्रगति पर प्रस्तुति दी, जबकि नीति आयोग की सलाहकार एवं कार्यक्रम निदेशक डॉ. सोनिया पंत ने प्रदेश की प्रमुख उपलब्धियों और आर्थिक रूपरेखा प्रस्तुत की।

मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य गठन के बाद उत्तराखंड ने आर्थिक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पर्यटन और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने बताया कि प्रदेश ने एसडीजी इंडेक्स 2023-24 में शीर्ष स्थान हासिल किया है और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण सुधार किए हैं।

उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने, महिलाओं एवं बच्चों में कुपोषण दूर करने, टेलीमेडिसिन, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं और स्वास्थ्य अनुसंधान को मजबूत करने के लिए नीति आयोग से तकनीकी सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।

नीति आयोग के सदस्य डॉ. एम. श्रीनिवास ने कहा कि उत्तराखंड कई क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है, लेकिन मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीबी उपचार, प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं, ट्रॉमा केयर और आयुष इकोसिस्टम को और मजबूत करने की जरूरत है।

बैठक में शासन एवं नीति आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी सहभागिता की और राज्य के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!