देवदूत बनकर पहुंचे स्थानीय लोगों ने बचाई घायलों की जान, मातृशक्ति ने भी रेस्क्यू में बढ़ाया मदद का हाथ।
चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनलेख के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। उधम सिंह नगर जिले के चकरपुर से बांस, पिथौरागढ़ जा रही टैक्सी कार संख्या UK03 TA 5045 (स्विफ्ट) अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस और रेस्क्यू टीम के साथ मिलकर खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला और सड़क तक पहुंचाया। इस दौरान स्थानीय महिलाओं ने भी आगे बढ़कर झाड़ियों को काटकर रास्ता बनाया और राहत-बचाव कार्य में महत्वपूर्ण सहयोग किया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी चंपावत विपिन पंत के नेतृत्व में पुलिस एवं रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से निकालकर जिला चिकित्सालय चंपावत पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
हादसे में नरेंद्र राम पुत्र हेमराम, निवासी ग्राम बास की मौके पर मौत हो गई। वहीं हरिराम, रोहित कुमार (वाहन चालक) और जमन राम घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल हरिराम को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटना की जानकारी ली और राहत-बचाव कार्य कराया। वहीं जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और हादसे का जायजा लिया। उन्होंने सीएमओ चंपावत को घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
