मुनि की रेती-ढालवाला नगर पालिका की नागरिकों से अपील, कूड़े का चार श्रेणियों में करें पृथक्करण, स्वच्छ सर्वेक्षण 2026-27 में दें सहयोग।

मुनि की रेती/टिहरी गढ़वाल:- नगर पालिका परिषद मुनि की रेती-ढालवाला ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 के तहत नगर क्षेत्र में डोर-टू-डोर कूड़ा एकत्रीकरण एवं स्रोत पर कूड़ा पृथक्करण (सेग्रिगेशन) अभियान को प्रभावी बनाने के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील की है।

माननीय अध्यक्ष श्रीमती नीलम बिजल्वाण एवं अधिशासी अधिकारी श्री बद्री प्रसाद भट्ट के निर्देशों के अनुपालन में नगर के प्रत्येक घर, दुकान एवं संस्थान से कूड़े को चार अलग-अलग श्रेणियों में पृथक कर डोर-टू-डोर कूड़ा वाहन को ही सौंपने का आग्रह किया गया है। नगर पालिका के अनुसार नागरिकों को गीले कूड़े में फल एवं सब्जियों के छिलके, बचा हुआ भोजन, फूल-पत्तियां और चायपत्ती जैसे जैविक अपशिष्ट रखने होंगे। वहीं सूखे कूड़े में प्लास्टिक, कागज, गत्ता, कांच, धातु, कपड़ा एवं रबर जैसी पुनर्चक्रण योग्य सामग्री अलग रखनी होगी। इसके अलावा सैनिटरी कूड़े जैसे सेनेटरी पैड, डायपर, टिश्यू, मास्क एवं दस्तानों को अलग से पैक कर लाल श्रेणी में तथा पुरानी दवाइयां, पेंट के डिब्बे, बल्ब, ट्यूब लाइट, बैटरी और ई-वेस्ट जैसे विशेष एवं खतरनाक कचरे को काली श्रेणी में अलग रखने की अपील की गई है।

नगर पालिका ने नागरिकों से कहा है कि कूड़ा सड़क, नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें तथा गीले और सूखे कूड़े को कभी भी एक साथ न मिलाएं। केवल डोर-टू-डोर कूड़ा वाहन आने पर ही पृथक किया गया कूड़ा उपलब्ध कराएं।

पालिका का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से ही स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ मुनि की रेती-ढालवाला का निर्माण संभव है और स्वच्छ सर्वेक्षण 2026-27 में नगर को उत्कृष्ट स्थान दिलाया जा सकता है।

“कूड़े का सही पृथक्करण अपनाएं, स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ मुनि की रेती-ढालवाला के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।”

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!