फाइनल में देवप्रयाग को ट्राईब्रेकर में 7-6 से हराया, पौड़ी ने कोटद्वार को हराकर हासिल किया तीसरा स्थान।
पौड़ी:- खेल महाकुंभ-2026 के तहत आयोजित सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी की बालक वर्ग अंडर-19 फुटबॉल प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले रांसी खेल मैदान में खेले गए। रोमांचक फाइनल मुकाबले में विधानसभा रामनगर ने विधानसभा देवप्रयाग को ट्राईब्रेकर में 7-6 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
पहले सेमीफाइनल में विधानसभा रामनगर और कोटद्वार के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रहीं। इसके बाद ट्राईब्रेकर में रामनगर ने कोटद्वार को 3-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में विधानसभा देवप्रयाग ने विधानसभा पौड़ी को 1-0 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबले में रामनगर और देवप्रयाग की टीमें निर्धारित समय तक 1-1 गोल की बराबरी पर रहीं। इसके बाद विजेता का फैसला ट्राईब्रेकर से हुआ, जिसमें रामनगर ने देवप्रयाग को 7-6 से हराकर चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा किया। वहीं तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में विधानसभा पौड़ी ने विधानसभा कोटद्वार को 1-0 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी ने विजेता एवं अन्य प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
जिला युवा कल्याण अधिकारी ने बताया कि 29 सितंबर को अंडर-14 एवं अंडर-19 बालिका वर्ग में बैडमिंटन, मलखंभ, फुटबॉल, एथलेटिक्स, खो-खो और पिट्ठू सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इस अवसर पर व्यायाम शिक्षक राकेश मोहन बलोदी, राजेंद्र रावत, जगमोहन सिंह बिष्ट, सुरेंद्र रावत, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी भगवान गुसाईं, नरेश रावत, दिनेश नेगी, सचिन कश्यप, अजयपाल असवाल सहित अन्य अधिकारी एवं खेलकर्मी मौजूद रहे।
