टिहरी जनपद में सुरक्षा जवानों की भर्ती के लिए विकासखंड स्तर पर लगेंगे भर्ती शिविर। WWW.JANSWAR.COM

टिहरी जनपद में सुरक्षा जवानों की भर्ती के लिए विकासखंड स्तर पर लगेंगे भर्ती शिविर।

टिहरी:- जिला सेवायोजन अधिकारी टिहरी लक्ष्मी यादव ने बताया कि एसआईएस सिक्योरिटी (एसआईएस इंडिया लिमिटेड), देहरादून द्वारा जनपद के विभिन्न विकासखंडों में सुरक्षा जवानों की भर्ती के लिए विकासखंड स्तर पर भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक बेरोजगार युवा निर्धारित तिथि एवं स्थान पर भर्ती शिविर में प्रतिभाग कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि भर्ती में प्रतिभाग करने के लिए अभ्यर्थी की शैक्षिक योग्यता न्यूनतम 10वीं पास/फेल, आयु 18 से 40 वर्ष, न्यूनतम ऊंचाई 165 सेंटीमीटर तथा वजन न्यूनतम 50 किलोग्राम होना आवश्यक है। पंजीकरण शुल्क 350 रुपये निर्धारित है, जो शिविर के दौरान केवल चयनित अभ्यर्थियों से लिया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को एसआईएस ट्रेनिंग एकेडमी, देहरादून में एक माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए प्रति अभ्यर्थी 10,900 रुपये शुल्क निर्धारित है, जिसमें भोजन, आवास एवं वर्दी की सुविधा शामिल होगी। प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद चयनित सुरक्षा जवानों को 15,000 से 30,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि भर्ती शिविर खंड विकास कार्यालय जौनपुर में 17 से 18 अगस्त, धौलधार में 19 से 20 अगस्त, प्रतापनगर में 21 से 22 अगस्त, भिलंगना में 24 से 25 अगस्त, कीर्तिनगर में 26 से 27 अगस्त, देवप्रयाग  में 29 से 30 अगस्त, जाखणीधार में 31 अगस्त से 1 सितंबर, चंबा में 2 से 3 सितंबर तथा नरेंद्रनगर में 5 से 7 सितंबर, 2026 तक आयोजित किए जाएंगे। सभी शिविरों का समय प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित है।

‎जिला सेवायोजन अधिकारी ने इच्छुक बेरोजगार युवाओं से निर्धारित तिथि एवं समय पर संबंधित विकासखंड कार्यालय में आयोजित भर्ती शिविर में प्रतिभाग करने की अपील की है। भर्ती से संबंधित अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7905086105 पर संपर्क किया जा सकता है।