रिखणीखाल में गुलदार का हमला, बुजुर्ग ने दिखाई अदम्य साहस, मुकाबला कर बचाई अपनी जान।

पौड़ी गढ़वाल/ रिखणीखाल:-पौड़ी गढ़वाल जिले के रिखणीखाल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम अंगणी में गुलदार के हमले की एक चिंताजनक घटना सामने आई है। गांव के बुजुर्ग मातवर सिंह पर अचानक गुलदार ने हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले के बावजूद उन्होंने घबराने के बजाय अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए गुलदार का डटकर मुकाबला किया और अपनी जान बचाने में सफल रहे।

हमले के दौरान मातवर सिंह के सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई और उन्हें घर भेज दिया गया।

इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि रिखणीखाल और आसपास के क्षेत्रों में गुलदार एवं बाघ की बढ़ती गतिविधियों के कारण लोगों का खेतों और जंगलों में जाना भी जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग और प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, पिंजरे लगाने तथा वन्यजीवों की निगरानी के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो किसी बड़ी जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता।

जनस्वर न्यूज मातवर सिंह जी के अदम्य साहस को सलाम करता है तथा शासन-प्रशासन और वन विभाग से क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की मांग करता है।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!