56 युवा आपदा मित्रों का सात दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न, आपदा प्रबंधन के लिए तैयार हुई नई युवा शक्ति।

जौलीग्रांट:-उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में SDRF की ओर से युवा शक्ति को प्रशिक्षित करने की महत्वपूर्ण पहल की गई है। वाहिनी मुख्यालय SDRF, जौलीग्रांट में युवा आपदा मित्र योजना के अंतर्गत आयोजित सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस प्रशिक्षण में कुल 56 युवाओं ने आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण कौशल सीखे।

सेनानायक SDRF श्री अजय गणपति के दिशा-निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान युवाओं को विभिन्न प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के समय राहत और बचाव कार्यों की व्यावहारिक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में प्राथमिक उपचार, CPR, रक्तस्राव रोकने की तकनीक, घायलों को सुरक्षित निकालने एवं स्थानांतरित करने, बाढ़ और भूकंप के दौरान सुरक्षा उपायों, अग्नि सुरक्षा, खोज एवं बचाव की प्रारंभिक तकनीकों सहित आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया और आपसी समन्वय का अभ्यास कराया गया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर सहायक सेनानायक श्री संजय उप्रेती ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान और कौशल का उपयोग आपदा के समय जरूरतमंद लोगों की सहायता तथा अपने समुदाय की सुरक्षा के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारी के साथ आपदा प्रबंधन में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान प्रशिक्षुओं से प्रशिक्षण संबंधी अनुभव एवं सुझाव भी प्राप्त किए गए।

इस सात दिवसीय प्रशिक्षण के माध्यम से 56 युवा आपदा मित्रों को अपने-अपने क्षेत्रों में आपदा के दौरान प्राथमिक स्तर पर सहायता उपलब्ध कराने और SDRF सहित अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए तैयार किया गया है।

युवा आपदा मित्र योजना के तहत प्रशिक्षित ये युवा आपातकालीन परिस्थितियों में स्थानीय स्तर पर त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे। यह पहल सामुदायिक स्तर पर आपदा प्रबंधन की क्षमता बढ़ाने और जनसुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

 

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!