15 अगस्त तक पूरी हों खेल महाकुंभ-2026 की तैयारियां, सितंबर से शुरू होगी मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी: सीडीओ।
टिहरी:- मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन सभागार में खेल महाकुंभ-2026 के अंतर्गत आयोजित होने वाली मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतियोगिताओं के सफल, सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध आयोजन के लिए विभागवार जिम्मेदारियां तय करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
युवा कल्याण अधिकारी रविन्द्र सिंह फोनिया ने बताया कि विभाग द्वारा खेल महाकुंभ-2026 का आयोजन सितंबर से अक्टूबर 2026 तक चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में अंडर-14 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों के साथ चयनित स्पर्धाओं में महिला, पुरुष ओपन तथा दिव्यांगजन वर्ग के खिलाड़ी भी प्रतिभाग करेंगे। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि खेल महाकुंभ के सफल आयोजन के लिए गठित सभी समितियां 15 अगस्त तक अपनी बैठकें आयोजित कर आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर लें। उन्होंने खेल एवं युवा कल्याण विभाग को अन्य खेल प्रतियोगिताओं का रोस्टर भी जारी करने निर्देश दिए, ताकि प्रतियोगिताओं की तिथियों में किसी प्रकार का टकराव न हो।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि खेल महाकुंभ-2026 में खेल, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग की भूमिका आयोजन में अत्यंत महत्वपूर्ण रहेगी। सभी खेल स्थलों पर प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), एंबुलेंस तथा आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही पंचायती राज एवं ग्राम्य विकास विभाग को निर्देशित किया कि न्याय पंचायत स्तर पर तैनात कार्मिकों को खेल प्रतियोगिताओं के संचालन में पूर्ण सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में बताया गया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार न्याय पंचायत स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि खेलकूद प्रतियोगिताएं 1 से 10 सितंबर, विधानसभा क्षेत्र स्तर पर विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी 11 से 20 सितंबर, संसदीय क्षेत्र स्तर पर सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी 21 से 30 सितंबर तथा राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी का आयोजन 30 अक्टूबर 2026 तक संपन्न कराया जाएगा।
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक महेश लखेड़ा, एसीएमओ डॉ. बृजेश डोभाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत, शिक्षा विभाग से प्रधानाचार्य अवतार सिंह राणा, सहायक पंचायती राज अधिकारी ऋषि राम उनियाल, ब्लॉक समन्वयक यशपाल सिंह, सभी विकासखंडों के क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, व्यायाम प्रशिक्षक तथा विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
