देहरादून, 8 अक्टूबर। उत्तराखंड में भूकंप के प्रति आमजन को जागरूक करने और भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली के तहत लगाए गए सायरन एवं सेंसरों की कार्यप्रणाली जांचने के लिए 9 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11 बजे राज्यभर में सायरन बजाया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह सायरन किसी वास्तविक भूकंप की सूचना नहीं, बल्कि पूर्व निर्धारित परीक्षण का हिस्सा होगा।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि परीक्षण के माध्यम से लोगों को सायरन की आवाज से परिचित कराया जाएगा, ताकि वास्तविक भूकंप की स्थिति में लोग चेतावनी को पहचानकर घबराने के बजाय आवश्यक सावधानी बरत सकें। वर्तमान में राज्य में भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली के तहत 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित किए गए हैं। परीक्षण के दौरान किसी भी तकनीकी कमी का पता चलने पर उसे तत्काल दूर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि राज्य में भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली को और मजबूत करने की दिशा में काम चल रहा है। सायरन एवं सेंसरों की संख्या दोगुनी करने तथा लगभग 5 से 10 किलोमीटर के अंतराल पर सेंसर और सायरन स्थापित करने की योजना है। यूएसडीएमए और आईआईटी रुड़की के सहयोग से अतिरिक्त सेंसर स्थापित करने का प्रस्ताव भी प्रक्रियाधीन है।
परीक्षण के दौरान भूदेव मोबाइल ऐप उपयोगकर्ताओं के मोबाइल फोन पर भी परीक्षण चेतावनी संदेश, वाइब्रेशन और बीप-बीप की ध्वनि प्राप्त होगी। आमजन से अपील की गई है कि वे ऐप का अपडेटेड वर्जन मोबाइल में इंस्टॉल रखें और ऐप को लोकेशन की अनुमति हमेशा के लिए प्रदान करें, जिससे वास्तविक भूकंप की स्थिति में समय पर चेतावनी मिल सके।
हर माह 9 तारीख को होगा सायरन का परीक्षण
उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) ने बताया कि प्रत्येक माह की 9 तारीख को पूर्वाह्न 11 बजे सायरन बजाकर भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली का नियमित परीक्षण किया जाएगा। लोगों से अपील की गई है कि सायरन सुनकर घबराएं नहीं और इसे प्रणाली के नियमित परीक्षण के रूप में ही समझें।
प्राधिकरण ने लोगों से परिवार के सदस्यों, बच्चों और बुजुर्गों को भी इस व्यवस्था की जानकारी देने तथा भूकंप के दौरान सुरक्षित व्यवहार और आपदा प्रबंधन से संबंधित जानकारी हासिल करने की अपील की है। जरूरत पड़ने पर मॉक ड्रिल में सक्रिय भागीदारी करने का भी अनुरोध किया गया है।
महत्वपूर्ण: 9 अक्टूबर को सुबह 11 बजे बजने वाला सायरन वास्तविक भूकंप की चेतावनी नहीं है।
