अनधिकृत रेंटल बाइक संचालन व अवैध पार्किंग पर कार्रवाई, 11 वाहन निरुद्ध; नाबालिगों के वाहन चलाने के दो मामले पकड़े गए, दोनों वाहन सीज़।
मसूरी:- जिलाधिकारी मोहदय देहरादून द्वारा सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में आरटीओ प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा, देहरादून संभाग द्वारा मसूरी में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान डॉ. अनीता चमोला, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा), देहरादून के निर्देशन में तथा इंटरसेप्टर प्रभारी प्रज्ञा पंत के नेतृत्व में संचालित किया गया।अभियान में परिवहन निरीक्षक अश्वनी कुमार , परिवहन उपनिरीक्षक भवान सिंह, परिवहन आरक्षी मनमोहन, पीआरडी कुलदीप उपस्थित रहे ।
रेंटल बाइक, अवैध पार्किंग और दस्तावेजों की जांच:- चेकिंग के दौरान रेंटल बाइक के अनधिकृत संचालन, नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने, आवश्यक दस्तावेजों की वैधता समाप्त होने तथा वाहन फिटनेस समाप्त होने सहित यातायात नियमों के विभिन्न उल्लंघनों पर कार्रवाई की गई। अभियान में लगभग 70 वाहनों के चालान किए गए और 11 वाहन निरुद्ध किए गए।
जिन रेंट ए बाइक लाइसेंसे होल्डर के प्रपत्र पूरे नहीं पाए गए एवम जिनके द्वारा वाइट नंबर प्लेट की गाड़िया अवैध रूप से किराए पर दी जा रही है उनके लाइसेंस निलंबन की संस्तुति भी कि गई है .
नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के दो मामले सामने आए:- जांच के दौरान दो वाहन नाबालिगों द्वारा चलाए जाते पाए गए। दोनों वाहनों का चालान कर उन्हें सीज़ किया गया। ये दोनों वाहन अभियान में निरुद्ध किए गए कुल 11 वाहनों में शामिल हैं। मोटर वाहन अधिनियम की धारा 199A में नाबालिग द्वारा वाहन से संबंधित अपराध किए जाने पर वाहन स्वामी या अभिभावक की जवाबदेही का भी प्रावधान है।
अभियान में नगर पालिका मसूरी के टीआई, नगर पालिका की संयुक्त टीम तथा नायब तहसीलदार श्री उपेंद्र राणा भी मौजूद रहे।
आरटीओ का वक्तव्य:- डॉ. अनीता चमोला ने कहा, “मसूरी में सड़क सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। रेंटल बाइक का संचालन निर्धारित नियमों के अनुसार हो, वाहन नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े न किए जाएं और सभी आवश्यक दस्तावेज एवं फिटनेस वैध रखी जाए। अभिभावक और वाहन स्वामी नाबालिगों को वाहन चलाने के लिए न दें; इससे उनकी और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा को खतरा होता है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चेकिंग और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।”
