यमकेश्वर:- यमकेश्वर विधानसभा के सुदूरवर्ती इलाके भृगुखाल में बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व जिलाध्यक्ष और कोटद्वार के वरिष्ठ नेता विनोद डबराल के नेतृत्व में सड़कों पर उतरकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में पोस्टर और तिरंगा झंडा लेकर तथा बर्तन बजाकर सरकार की नीतियों के खिलाफ भारी नाराजगी जताई।
कांग्रेस नेता विनोद डबराल ने आरोप लगाया कि यमकेश्वर का यह क्षेत्र आज भी विकास से कोसों दूर है और पहाड़ के लोगों की मूलभूत जरूरतें तक पूरी नहीं हो रही हैं। इसी के मद्देनजर प्रशासन को एक 6 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया है।
कांग्रेस की 6 प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:
-
शिक्षा व्यवस्था में सुधार: भृगुखाल के सरकारी स्कूलों में अध्यापकों की भारी कमी है। खाली क्लासरूम और शिक्षकों के अभाव में बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। यहां तत्काल शिक्षकों की नियुक्ति की जाए।
-
अस्पताल में डॉक्टर की तैनाती: क्षेत्र के अस्पताल में बिल्डिंग तो है, लेकिन इलाज के लिए कोई डॉक्टर उपलब्ध नहीं है। बीमार जनता को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराई जाएं।
-
थनूर मोटर मार्ग का डामरीकरण: सालों से अधूरे पड़े थनूर मोटर मार्ग का जल्द डामरीकरण किया जाए और चोपड़ा मंदिर तक सड़क किनारे उगी झाड़ियों की सफाई हो।
-
ग्वाड़ी-बड्यूरन मोटर मार्ग की मरम्मत: यह सड़क जगह-जगह से टूट चुकी है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इस बदहाल सड़क को तुरंत ठीक किया जाए।
-
ग्वाड़ी आईटीआई को पुनः खोलना: गेट पर ताला लटके होने के कारण युवाओं के रोजगार और भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। इस बंद पड़े आईटीआई को जल्द शुरू किया जाए।
-
पॉलीटेक्निक थलनदी में ट्रेड की शुरुआत: कॉलेज की बिल्डिंग बनकर तैयार है लेकिन कोई ट्रेड उपलब्ध नहीं है। युवाओं को लाभ पहुंचाने के लिए यहां जल्द ट्रेड शुरू किए जाएं।
इन 6 मांगों के अलावा, स्थानीय ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ते जंगली जानवरों के आतंक से निजात दिलाने की भी पुरजोर मांग उठाई है।
इस मौके पर विनोद डबराल ने ‘जनसेवा ही मेरा संकल्प और आपका विश्वास ही मेरी ताकत है’ का नारा देते हुए जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा, “क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए हम सब एकजुट हैं। अब और नहीं, चुप रहेंगे नहीं, हक लेकर रहेंगे। आइए, अपनी आवाज को बुलंद करें।”
भृगुखाल में आयोजित यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। हालांकि, कांग्रेस पार्टी और स्थानीय लोगों ने प्रशासन को साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन बुनियादी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में यह आंदोलन और भी उग्र रूप लेगा।
