बारिश से प्रभावित मार्गों पर अस्थायी जीएसबी डालकर आवागमन सुचारु रखने के निर्देश, चंद्रभागा नाले पर जाली लगाने को कहा।

ऋषिकेश, 3 जुलाई। प्रेमचंद अग्रवाल ने शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र में चल रही सीवर लाइन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और जनता की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई (गंगा), उत्तराखंड पेयजल निगम के परियोजना प्रबंधक एस.के. वर्मा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में पैकेज संख्या-5 (बापू ग्राम, 20 बीघा एवं आसपास), पैकेज संख्या-6 (प्रगति विहार, आशुतोष नगर एवं आसपास) तथा पैकेज संख्या-7 (खदरी खड़क माफ, गुमानीवाला एवं आसपास) के अंतर्गत चल रहे सीवर लाइन निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों का निर्माण शीघ्र कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर वर्षा के कारण सड़क निर्माण संभव नहीं है, वहां अस्थायी रूप से जीएसबी (ग्रैन्युलर सब-बेस) डालकर मार्गों को आवागमन योग्य बनाया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में चंद्रभागा क्षेत्र से जुड़े नाले की स्थिति पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि नाले में गंदे पानी का प्रवाह नहीं हो रहा है। इस पर विधायक ने नाले के आगे जाली लगाने के निर्देश दिए, ताकि कचरा गंगा में न पहुंच सके। साथ ही नगर निगम के अधिकारियों को जाली में जमा होने वाले कचरे और सिल्ट की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सरकार की प्राथमिकता है तथा जनसुविधाओं से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

बैठक में प्रोजेक्ट इंजीनियर धर्मेंद्र प्रसाद कुकरेती, ठेकेदार रामनिवास सैनी तथा वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!