घने जंगल में भटकी 5 महिलाओं को SDRF ने बचाया, 12 किमी पैदल सर्च कर किया सफल रेस्क्यू।
देहरादून। लक्ष्मण सिद्ध मंदिर के निकट घने जंगल में रास्ता भटक गई पांच महिलाओं का राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने साहसिक अभियान चलाकर सकुशल रेस्क्यू किया। सूचना मिलते ही SDRF की टीम मुख्य आरक्षी शैलेंद्र रावत के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और स्थानीय पुलिस व वन विभाग के साथ संयुक्त सर्च अभियान शुरू किया।
घने जंगल, दुर्गम रास्तों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद टीम ने करीब 12 किलोमीटर पैदल जंगल के भीतर तलाश अभियान चलाया। लगातार प्रयासों के बाद सभी पांचों महिलाओं को सुरक्षित खोज निकाला गया।
इसके बाद SDRF टीम ने सभी महिलाओं को सुरक्षित जंगल से बाहर निकालकर रोड हेड तक पहुंचाया और सकुशल चौकी हर्रावाला के सुपुर्द कर दिया। SDRF की तत्परता, साहस और पेशेवर कार्यशैली की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
