उत्तरकाशी:- जनपद भ्रमण के दूसरे दिन शनिवार को मुख्य सचिव उत्तराखंड शासन आनंद बर्द्धन ने गंगोत्री धाम पहुंचकर मां गंगा एवं भगवान काशी विश्वनाथ के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने शक्ति मंदिर में भी पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

पूजा-अर्चना के बाद मुख्य सचिव ने गंगोत्री मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर धाम में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मुख्य सचिव ने अधिकारियों को व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए रखने को कहा। उन्होंने घाटों पर स्वच्छता, नियमित साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं को दर्शन एवं स्नान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।

इस दौरान मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र सहित अन्य अधिकारी एवं मंदिर समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!