पौड़ी/कोटद्वार:- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला उद्योग केंद्र, कोटद्वार में ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने अपने नवाचारपूर्ण स्टार्टअप आइडिया एवं व्यावसायिक प्रस्ताव प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में कुल 55 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जबकि 20 समूहों ने अपने स्टार्टअप आइडिया का प्रस्तुतीकरण किया। इसमें जी.बी. पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, घुड़दौड़ी, आईएचएमएस कोटद्वार और एनआईटी श्रीनगर के छात्र-छात्राओं सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए युवाओं ने प्रतिभाग किया।
निर्णायक दल ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव
प्रतियोगिता में प्रस्तुत किए गए 20 स्टार्टअप आइडिया का निर्णायक दल ने मूल्यांकन किया। इस दौरान प्रतिभागियों को अपने विचारों को व्यावहारिक और सफल उद्यम में बदलने के लिए आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही युवाओं को स्टार्टअप की संभावनाओं, इनक्यूबेशन प्रक्रिया और उद्यम स्थापना से जुड़े अवसरों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नवाचार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देना और उनके रचनात्मक विचारों को सफल व्यवसाय में विकसित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराना रहा।
ये लोग रहे निर्णायक दल में शामिल
निर्णायक दल में जिला उद्योग केंद्र की प्रबंधक उपासना सिंह, एएलसी कोटद्वार के सिरताज सिंह रांगड़, आईआईएम काशीपुर के प्रोजेक्ट लीड कपिल कुमार मौर्य, मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना से तनुज पुंडीर एवं दर्शन उनियाल, डिजिटल मार्केटिंग विशेषज्ञ विवेक जदली तथा उद्यमी चमनलाल शर्मा और दीपक बनियाल शामिल रहे।
कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
