देहरादून:- जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून एवं आबकारी टीम मसूरी ने 8 अक्टूबर को प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त प्रेरणा बिष्ट के निर्देशन में विदौली क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध शराब बरामद की। पेट्रोलियम कॉलेज के पास और हॉस्टल में छात्रों को शराब की डिलीवरी किए जाने की शिकायतों के बाद बिशनपुर, दादी की टपरी के निकट तथा कंडोली, प्रेमनगर क्षेत्र में कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान आदित्य कुमार पुत्र पंकज कुमार, निवासी उत्तर प्रदेश के कमरे और घर के नीचे खड़ी बिना नंबर प्लेट की टीवीएस जुपिटर स्कूटी से कुल 95 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई। बरामद शराब पर केवल चंडीगढ़ में बिक्री के लिए होने का उल्लेख था। इसमें रेड लेबल, वेलेंटाइन सहित विभिन्न महंगे ब्रांड शामिल हैं। इसके अलावा 28 कैन बडवाइजर बीयर भी बरामद की गई।
आबकारी विभाग के अनुसार, पकड़े गए व्यक्ति ने पूछताछ में बताया कि बरामद शराब गर्वित उर्फ विक्रांत की है, जिसने उसे बिक्री के लिए शराब दी थी। विभाग के मुताबिक, गर्वित को पूर्व में भी शराब की अवैध बिक्री से जुड़े मामलों में पकड़ा जा चुका है। वह वर्तमान में जेल में बंद है।
विभाग के अनुसार, गर्वित विदौली क्षेत्र में ‘ऑल राउंडर चाचा’ नाम से तीन ढाबे संचालित करता है। आरोप है कि वह कॉलेज के आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को पैसों का लालच देकर तथा कुछ अन्य लोगों को डराकर शराब की होम डिलीवरी के काम में लगाता था। इस गतिविधि में हरियाणा से लाए गए कुछ युवकों के शामिल होने की बात भी सामने आई है।
आबकारी विभाग के मुताबिक, शराब की तस्करी और बिक्री के लिए एक व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया गया था, जिसमें लड़कों की सुबह-शाम सेल्फी और लोकेशन के माध्यम से उपस्थिति दर्ज की जाती थी। विभाग का दावा है कि इस गतिविधि के लिए क्षेत्र में लगभग 10 बिना नंबर प्लेट की स्कूटी सक्रिय थीं। पिछले दो महीनों में गर्वित की चार स्कूटी आबकारी विभाग ने आबकारी अधिनियम की धारा 72 के तहत जब्त की हैं।
विभाग के अनुसार, पिछली कार्रवाई के दौरान गर्वित फरार हो गया था, जबकि उसकी माता को अवैध शराब की बिक्री और कब्जे के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। गर्वित की जमानत याचिका देहरादून के जिला न्यायालय और इसके बाद नैनीताल स्थित उच्च न्यायालय से खारिज होने के बाद उसने देहरादून के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में आत्मसमर्पण किया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में शामिल टीम
छापेमारी में आबकारी निरीक्षक मसूरी दिवाकर चौधरी, आबकारी निरीक्षक प्रवर्तन दल देहरादून जयवीर सिंह, उप आबकारी निरीक्षक उमराव सिंह राठौर, आशीष प्रकाश, अर्जुन सिंह, विजय कोठियाल, हेड कांस्टेबल राकेश नाथ, गोविंद सिंह, हेमंत, नौशाद और रीनू कुमार सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
