मात्र 2.50 रुपये में मिलेगा एक सेनेटरी पैड, अधिकांश स्थानों पर इस्तेमाल किए गए पैड के सुरक्षित निस्तारण की भी व्यवस्था।
टिहरी गढ़वाल:- महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य, सुविधा और माहवारी स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन टिहरी गढ़वाल द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके तहत बाल विकास विभाग के माध्यम से जनपद में 723 स्थानों पर सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनें स्थापित की गई हैं। इन मशीनों के माध्यम से महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं को जरूरत के समय कम कीमत पर सेनेटरी पैड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही, इस्तेमाल किए गए पैड के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था भी की गई है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव ने बताया कि जनपद के आंगनवाड़ी केंद्रों, बालिका विद्यालयों, विश्वविद्यालयों और महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं की अधिक आवाजाही वाले सार्वजनिक स्थानों पर ये मशीनें स्थापित की गई हैं। मशीन से मात्र ढाई रुपये में एक सेनेटरी पैड प्राप्त किया जा सकता है। वहीं, पांच रुपये का सिक्का डालने पर दो पैड उपलब्ध होते हैं। इससे जरूरतमंद महिलाओं एवं बालिकाओं को किफायती दर पर स्वच्छता सामग्री आसानी से मिल रही है।
उन्होंने कहा कि माहवारी स्वच्छता महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। आवश्यक स्वच्छता सामग्री की सुलभ उपलब्धता से व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिलती है। प्रशासन का प्रयास है कि जरूरत के समय महिलाओं एवं बालिकाओं को सेनेटरी पैड के लिए परेशान न होना पड़े। मशीनों की उपयोगिता और आवश्यकता के आधार पर भविष्य में इनकी संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा।
इस्तेमाल किए गए पैड के निस्तारण की भी व्यवस्था
सेनेटरी पैड की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही इस्तेमाल किए गए पैड के सुरक्षित निस्तारण पर भी ध्यान दिया गया है। इसके लिए अधिकांश स्थानों पर सेनेटरी पैड डिस्पोजल मशीनें (इनसिनरेटर) स्थापित की गई हैं। इन मशीनों में उच्च तापमान के माध्यम से इस्तेमाल किए गए पैड का निस्तारण किया जाता है। इससे खुले में पैड फेंकने की समस्या को कम करने और आंगनवाड़ी केंद्रों, विद्यालयों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिलती है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि वेंडिंग मशीनों की नियमित रिफिलिंग और संचालन पर ध्यान दिया जा रहा है, ताकि आवश्यकता के समय महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं को सेनेटरी पैड उपलब्ध हो सकें। वेंडिंग मशीनों के साथ निस्तारण की सुविधा उपलब्ध कराने से माहवारी स्वच्छता को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और अपशिष्ट प्रबंधन को बेहतर बनाने में भी मदद मिल रही है।
जनपद में 723 स्थानों पर सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनों की स्थापना महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। किफायती दर पर सेनेटरी पैड की उपलब्धता और इस्तेमाल किए गए पैड के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था से माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी।
