वन स्टॉप सेंटर की कार्यशाला में महिला हिंसा, बाल संरक्षण और कानूनी अधिकारों के प्रति किया जागरूक।

पौड़ी गढ़वाल:-  जिला प्रशासन एवं महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से मंगलवार को राजकीय इंटर कॉलेज, धुमाकोट में जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। मिशन शक्ति के अंतर्गत आयोजित इस कार्यशाला में वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका लक्ष्मी रावत ने किशोर-किशोरियों को महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया।

कार्यशाला के दौरान किशोर-किशोरियों को पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों, महिला हेल्पलाइन नंबर 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी दी गई। उन्हें महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाली हिंसा और अपराधों की पहचान, उनसे बचाव तथा ऐसी परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया गया।

केंद्र प्रशासिका लक्ष्मी रावत ने कानूनी प्रावधानों और उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी देते हुए कहा कि हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में चुप रहने के बजाय उचित माध्यम से शिकायत करनी चाहिए। उन्होंने किशोर-किशोरियों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और जरूरत पड़ने पर संबंधित हेल्पलाइन एवं सहायता सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यशाला का उद्देश्य किशोर-किशोरियों तक महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े कानूनों और सहायता सेवाओं की जानकारी पहुंचाना तथा उनमें सामाजिक और कानूनी समझ विकसित करना रहा। इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य दर्शन कुमार, प्रवक्ता आरती रावत, पूनम, अनिल भारती, मदन सिंह नेगी, विपिन कुमार, विकास कुमार, संगीता ध्यानी, अजय पाल, रणजीत सिंह, राजपाल सिंह, प्रशांत कुमार, हर्ष कुमार, कुसुमलता एवं जीवन चंद्र परेरू सहित विद्यालय के शिक्षक और अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!