13 नवंबर को दून विश्वविद्यालय के नित्यानंद ऑडिटोरियम में होगा सम्मेलन, प्रवासी उत्तराखण्डियों से सार्थक संवाद पर जोर।

देहरादून:-  प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी दिवस सम्मेलन-2026 के आयोजन की तैयारियों को लेकर गठित समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सम्मेलन के सफल आयोजन, व्यापक प्रचार-प्रसार और देश-विदेश में रह रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा की गई।

प्रमुख सचिव ने निर्देश दिए कि सम्मेलन को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप, युवा-केंद्रित और नवाचारपूर्ण स्वरूप में आयोजित किया जाए। उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों और शहरों में अलग-अलग क्षेत्रों में कार्य कर रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों को चिह्नित कर सम्मेलन में आमंत्रित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सम्मेलन के माध्यम से प्रवासी उत्तराखण्डियों के साथ सार्थक संवाद स्थापित किया जाए, ताकि राज्य के विकास में उनके अनुभवों, सुझावों और योगदान का लाभ लिया जा सके।

बैठक में बताया गया कि तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी दिवस सम्मेलन के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सम्मेलन का आयोजन 13 नवंबर को देहरादून स्थित दून विश्वविद्यालय के नित्यानंद ऑडिटोरियम में किया जाएगा। प्रमुख सचिव ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सम्मेलन की विस्तृत रूपरेखा अंतिम रूप देने और तैयारियों की प्रगति से तीन से चार दिन के भीतर अवगत कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने सम्मेलन के प्रचार-प्रसार के लिए मीडिया, विज्ञापन, होर्डिंग्स और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रभावी अभियान चलाने को कहा। साथ ही आमंत्रित अतिथियों के आवागमन, परिवहन, वाहनों, ठहरने और भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उद्घाटन सत्र, विभिन्न विषयगत सत्रों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां भी समयबद्ध तरीके से पूरी करने को कहा।

प्रमुख सचिव ने आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, पहुंच मार्गों को व्यवस्थित रखने और परिवहन व्यवस्था सुचारु बनाने पर भी जोर दिया। सम्मेलन के दौरान राज्य सरकार के विकास कार्यों, योजनाओं और नीतियों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रसारण किया जाएगा, जिससे प्रवासी उत्तराखण्डियों को राज्य में संचालित विकास कार्यों और विभिन्न क्षेत्रों में हो रही पहलों की जानकारी मिल सकेगी।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों को पत्र जारी कर आपसी समन्वय के साथ आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में सचिव शैलेश बगोली, विनोद कुमार सुमन, सी. रविशंकर, राजेंद्र कुमार, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, मुख्य विकास अधिकारी देहरादून अभिनव शाह, उत्तराखण्ड प्रवासी प्रकोष्ठ के सदस्य सुधीर चन्द्र नौटियाल, उपनिदेशक सूचना बद्री चंद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!