पुश्तैनी संपत्ति के विवाद में रची साजिश का पुलिस ने किया खुलासा, 700 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।

ऋषिकेश। रायवाला थाना क्षेत्र में 21 सितंबर को हुई 65 वर्षीय खजानी देवी की हत्या का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश में मृतका की बेटी शिल्पा थापा और उसके प्रेमी शिवनारायण पांडे उर्फ सोनू की भूमिका सामने आई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, पुश्तैनी संपत्ति में हिस्से को लेकर चल रहा विवाद हत्या की साजिश की प्रमुख वजहों में शामिल था। जांच में यह भी सामने आया कि खजानी देवी बेटी के प्रेम संबंध से नाराज थीं। पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को शिल्पा और शिवनारायण मृतका से मिलने उसके घर पहुंचे थे, जहां इसी मुद्दे को लेकर विवाद हुआ था।

21 सितंबर को खजानी देवी शहीद भगत सिंह कॉलोनी स्थित किराये के मकान में अपनी छह वर्षीय पोती के साथ थीं। घटना के बाद मकान के मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगा मिला। रात करीब साढ़े 10 बजे उनके बेटे संजय पुंडीर ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया तो खजानी देवी बाथरूम में मृत मिलीं। इसके बाद रायवाला थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की जांच के लिए पुलिस ने छह टीमें गठित कीं। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, करीब 700 CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ 500 होटल और धर्मशालाओं की भी जांच की गई। सर्विलांस और मुखबिर तंत्र के आधार पर पुलिस शिल्पा और शिवनारायण तक पहुंची।

पुलिस के मुताबिक, 25 सितंबर को शिवनारायण को हरिद्वार स्थित शांतिकुंज से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने कथित तौर पर शिल्पा के कहने पर हत्या करने की बात बताई। इसके बाद 26 सितंबर को शिल्पा को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि शिल्पा ने शिवनारायण को खजानी देवी के बारे में यह बताया था कि वह उसकी सौतेली मां है और उसकी मृत्यु के बाद पुश्तैनी संपत्ति में हिस्सा मिल सकता है। पुलिस के अनुसार, शिवनारायण आर्थिक परेशानी और करीब 10 लाख रुपये के कथित कर्ज से जूझ रहा था।

जांच में यह भी सामने आया कि शिल्पा को अपनी मां की दिनचर्या की जानकारी थी। पुलिस के अनुसार, उसने शिवनारायण को बताया था कि सुबह पोती को छोड़ने के बाद खजानी देवी कुछ समय के लिए घर में अकेली रहती हैं। पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान शिवनारायण ने घर पहुंचकर गला दबाकर खजानी देवी की हत्या की और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया।

एसपी जया बालूनी ने बताया कि रायवाला थाना पुलिस और एसओजी ऋषिकेश की संयुक्त टीम ने CCTV फुटेज, सर्विलांस, मुखबिर तंत्र और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा किया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी:

  • शिवनारायण पांडे उर्फ सोनू (39), निवासी करोंदी, भगवानपुर
  • शिल्पा थापा (36), निवासी शहीद भगत सिंह कॉलोनी, रायवाला

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!