देहरादून:- कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने रविवार को यमुना कॉलोनी स्थित अपने शासकीय आवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण को सुना। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने राष्ट्रहित, जनभागीदारी, सामाजिक सरोकार और देश की उपलब्धियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर देशवासियों से संवाद किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2016 में हुई सर्जिकल स्ट्राइक के 10 वर्ष पूरे होने का उल्लेख किया। उन्होंने 28-29 सितंबर 2016 को भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों के खिलाफ की गई कार्रवाई को याद करते हुए सेना के साहस और पराक्रम का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति को दृढ़ बताते हुए ‘जीरो टॉलरेंस’ के संकल्प को भी रेखांकित किया।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे सकारात्मक कार्यों और जनभागीदारी की प्रेरक कहानियों को राष्ट्रीय मंच प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के शौर्य, आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति, जनगणना जैसे राष्ट्रीय दायित्वों और समाज के विभिन्न वर्गों के सकारात्मक प्रयासों का उल्लेख लोगों को राष्ट्रहित में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करता है।

रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आज महिलाएं शिक्षा, स्वरोजगार, सेना और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं और अपनी मेहनत के बल पर प्रदेश व देश का नाम रोशन कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ केवल प्रधानमंत्री का देशवासियों से संवाद नहीं, बल्कि सेवा, सहभागिता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का माध्यम बन चुका है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री के विचारों से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्रहित और समाजहित के कार्यों में अपनी भागीदारी को और मजबूत करें।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!