अब घर बैठे बनवाएं नया राशन कार्ड, PDS की सभी सेवाएं हुईं ऑनलाइन।
http://uk.smartpds.nic.in पोर्टल से नाम जोड़ना, हटाना और ट्रांसफर भी संभव, दफ्तरों के चक्कर से मिलेगी राहत
रुद्रप्रयाग:- सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और डिजिटल बनाने के लिए जिला पूर्ति विभाग ने राशन कार्ड से जुड़ी सभी प्रमुख सेवाओं को ऑनलाइन कर दिया है। अब नागरिकों को नए राशन कार्ड के लिए आवेदन, परिवार के सदस्य का नाम जोड़ने-हटाने और राशन कार्ड स्थानांतरण जैसे कामों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
जिला पूर्ति विभाग के अनुसार, राज्य सरकार की स्मार्ट पीडीएस योजना के तहत यह सुविधा शुरू की गई है। आवेदक uk.smartpds.nic.in पोर्टल पर सिटीजन लॉगिन के जरिए घर बैठे ही आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर नए राशन कार्ड के लिए आवेदन के साथ-साथ कार्ड में संशोधन की सुविधा भी उपलब्ध है।
जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली ने बताया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों को समय पर सरकारी खाद्यान्न का लाभ दिलाना है। उन्होंने कहा, “डिजिटल प्रक्रिया से काम तेज होंगे, पारदर्शिता बढ़ेगी और लोगों को सुविधा मिलेगी।”
ऑनलाइन आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज:-
– आय प्रमाण पत्र
– परिवार रजिस्टर की छायाप्रति
– परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड की छायाप्रति
– सभी सदस्यों की पासपोर्ट साइज फोटो और परिवार की संयुक्त फोटो
– बैंक पासबुक की छायाप्रति
– पता प्रमाण: बिजली बिल, पानी का बिल या गैस कनेक्शन का प्रमाण
– ग्रामीण क्षेत्र: ग्राम पंचायत अधिकारी की संस्तुति/आख्या
– बच्चे का नाम जोड़ना: जन्म प्रमाण पत्र, राशन कार्ड/परिवार रजिस्टर की छायाप्रति और पासपोर्ट साइज फोटो
– नाम हटाना: मृत्यु प्रमाण पत्र और राशन कार्ड
– राशन कार्ड ट्रांसफर: पुराना राशन कार्ड, संबंधित जनपद/तहसील, विक्रेता का नाम और FPS कोड नंबर
विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे इन सभी सेवाओं का लाभ ऑनलाइन ही उठाएं। किसी समस्या या सहायता के लिए ग्रामीण क्षेत्र के लोग ग्राम पंचायत विकास अधिकारी कार्यालय और शहरी क्षेत्र के लोग जिला पूर्ति अधिकारी या संबंधित पूर्ति निरीक्षक कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
इस पहल से प्रक्रिया अब अधिक सरल, समयबद्ध और पारदर्शी होने की उम्मीद है।
