वरिष्ठजनों के सशक्तीकरण में तकनीक और एआई का उपयोग बढ़ाया जाए: राज्यपाल।
देहरादून:- राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से सोमवार को लोक भवन में अनुग्रह संस्था की अध्यक्ष श्रीमती आभा चौधरी ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने संस्था द्वारा वरिष्ठजनों के सशक्तीकरण एवं कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों तथा आगामी कार्यक्रमों की जानकारी राज्यपाल को दी।
अनुग्रह संस्था सामाजिक एवं आर्थिक रूप से वंचित वर्गों के सशक्तीकरण और समग्र विकास के लिए कार्य करती है। संस्था विशेष रूप से वरिष्ठजनों के कल्याण के क्षेत्र में सक्रिय है।
राज्यपाल ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वरिष्ठजनों के सम्मान, स्वास्थ्य, सुरक्षा और बेहतर जीवन के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग को बढ़ावा दिया जाना चाहिए, ताकि वे आधुनिक तकनीक के माध्यम से अपने दैनिक कार्यों में अधिक सक्षम बन सकें और दूसरों पर उनकी निर्भरता कम हो।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों की देखभाल और सम्मान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। वरिष्ठ नागरिकों के पास जीवन का व्यापक अनुभव और ज्ञान है, जिसका लाभ समाज और नई पीढ़ी को मिलना चाहिए। इसके लिए उन्हें सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने के साथ-साथ उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप सार्थक कार्यों में भागीदारी के अवसर उपलब्ध कराए जाने चाहिए।
राज्यपाल ने वरिष्ठजनों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों में विश्वविद्यालयों, जिलाधिकारियों, पूर्व सैनिकों और अन्य सामाजिक संगठनों को भी शामिल किया जा सकता है।
उन्होंने वरिष्ठजनों के अनुभव एवं विशेषज्ञता को युवाओं तक पहुंचाने के लिए संवाद और मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया। राज्यपाल ने कहा कि इस प्रकार के प्रयास वरिष्ठजनों को सम्मानजनक एवं सक्रिय जीवन जीने के अवसर देने के साथ-साथ नई पीढ़ी को उनके अनुभव से सीखने का अवसर भी प्रदान करेंगे।
