वरिष्ठ कांग्रेसी एवं सेवानिवृत्त शिक्षक स्व. जोत सिंह तोमर पंचतत्व में विलीन, कांग्रेसजनों ने दी भावभीनी अंतिम विदाई।
द्वारीखाल। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारीखाल के अध्यक्ष संजय तोमर के पूज्य पिताजी, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं सेवानिवृत्त शिक्षक स्वर्गीय जोत सिंह तोमर शुक्रवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। उनके निधन से कांग्रेस परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। कांडाखाल स्थित शमशान घाट पर पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, क्षेत्रवासी एवं शुभचिंतक उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे।
अंतिम संस्कार के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय जोत सिंह तोमर को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके व्यक्तित्व एवं समाज के प्रति योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि स्व. तोमर ने अपना पूरा जीवन शिक्षा, समाज सेवा और कांग्रेस की विचारधारा के प्रति समर्पित भाव से बिताया। उनका सरल स्वभाव, सामाजिक सरोकार और जनसेवा के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी कोटद्वार के पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद डबराल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी यमकेश्वर के अध्यक्ष अनिल रतूड़ी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दुगड्डा के अध्यक्ष राजीव जखमोला, जिला कांग्रेस कमेटी कोटद्वार के पूर्व उपाध्यक्ष बलबीर सिंह रावत, कैप्टन शैलेंद्र सिंह, कीर्ति सिंह बिष्ट, सुबोध नेगी सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सभी ने शोक संतप्त परिवार, विशेष रूप से ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारीखाल के अध्यक्ष संजय तोमर, के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि स्व. जोत सिंह तोमर का निधन न केवल कांग्रेस परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
