मालवीय नगर में जनता मिलन कार्यक्रम, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने 10 लाख रुपये की विधायक निधि देने की घोषणा।
ऋषिकेश:- ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के मालवीय नगर में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने क्षेत्रीय जनता और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। कार्यक्रम में पहुंचने पर स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने उनका पटका व माला पहनाकर तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम में पार्षद राजेश कोठियाल ने कहा कि डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की विकास संबंधी मांगों पर विधायक तत्काल संज्ञान लेते हैं। पार्षद ने विकास कार्यों के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान क्षेत्रीय लोगों ने मालवीय नगर में हाईटेंशन विद्युत लाइन हटवाने तथा दुर्गा मंदिर में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों के लिए विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का धन्यवाद किया।
क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से डॉ. अग्रवाल ने विधायक निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं के आधार पर विकास कार्य कराए जाएंगे।
कार्यक्रम में वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, निर्मला उनियाल, राजेश्वरी कंडवाल, सुनील उनियाल, ममता सकलानी, पूनम ढोभाल, पूजा गौड़, ज्योति राजभर, ज्ञानवती, विवेक चतुर्वेदी, बरकत अली सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।
