देहरादून:- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित उत्तराखण्ड राज्योत्सव समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 15 महानुभावों को उत्तराखण्ड गौरव सम्मान पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया।

राज्य के विकास, सामाजिक सेवा, शिक्षा, चिकित्सा, उद्यमिता, कला, संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण एवं खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को यह सम्मान प्रदान किया गया।

राजनीतिक एवं शासकीय क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए मेजर जनरल भुवन चन्द्र खण्डूड़ी (सेनि) को मरणोपरांत उत्तराखण्ड गौरव सम्मान प्रदान किया गया। चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ. जीवन सिंह तितियाल, उद्यमिता के क्षेत्र में श्री मनमोहन भारद्वाज, फिल्म जगत में श्रीमती हिमानी शिवपुरी, लोक जागर गायन में श्रीमती हेमा नेगी करासी तथा शिक्षा एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को सम्मानित किया गया।

इसी क्रम में सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सुश्री अनीता थपलियाल शर्मा एवं श्री कश्मीर सिंह, पर्यावरण संरक्षण के लिए पर्यावरणविद् श्री सुरेश भाई तथा लोक गायन के क्षेत्र में श्रीमती रेशमा शाह को सम्मान प्रदान किया गया।

खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने वाली पांच प्रतिभाओं सुश्री एकता बिष्ट, सुश्री वंदना कटारिया, सुश्री अंकिता ध्यानी, सुश्री निकिता चंद एवं श्री कपिल पोखरिया को भी उत्तराखण्ड गौरव सम्मान पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया।

राज्य सरकार द्वारा प्रदान किया जाने वाला उत्तराखण्ड गौरव सम्मान प्रदेश की विभिन्न विभूतियों की उत्कृष्ट उपलब्धियों और समाज एवं राज्य के विकास में उनके अतुलनीय योगदान को सम्मान देने की महत्वपूर्ण पहल है। इस सम्मान का उद्देश्य प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ ही नई पीढ़ी को समाज एवं प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!