मुनि की रेती:-  बेंगलुरु स्थित मार्शल करिअप्पा हॉकी स्टेडियम में 18 से 22 सितंबर तक आयोजित सीआईएलसी गेम्स अंडर-19 पुरुष हॉकी प्रतियोगिता में उत्तराखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में देश के 12 राज्यों की टीमों ने प्रतिभाग किया।

उत्तराखंड की टीम में ओंकारानंद स्कूल, मुनि की रेती के चार खिलाड़ियों सार्थक रागड़, चैतन्य प्रजापति, श्रेयांश बिजल्वाण और अग्रिम डोभाल का चयन हुआ था। चारों खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और उत्तराखंड को उपविजेता बनाने में अहम भूमिका निभाई।

चारों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से टिहरी गढ़वाल जिले और मुनि की रेती क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। उनकी सफलता पर नगर पालिका परिषद मुनि की रेती के अध्यक्ष निलय बिजल्वाण ने खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं का खेलों में आगे बढ़ना गौरव की बात है और इन खिलाड़ियों की उपलब्धि अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है।

28 सितंबर को खिलाड़ियों और कोच का होगा सम्मान

जिला खेल अधिकारी टिहरी दीपक रावत ने भी उत्तराखंड टीम के उपविजेता बनने पर खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को प्रोत्साहित करने के लिए कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा उन्हें सम्मानित किया जाएगा।

वहीं, हॉकी टीम के कोच वाहिद अहमद और ओंकारानंद स्कूल के प्रधानाचार्य धीरेन्द्र जोशी ने भी खिलाड़ियों को उनकी सफलता पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ियों की यह उपलब्धि अन्य प्रतिभाओं को भी हॉकी के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

28 सितंबर 2026 को चारों खिलाड़ियों के साथ उनके कोच को भी सम्मानित किया जाएगा। क्षेत्र के इन होनहार खिलाड़ियों की सफलता ने साबित किया है कि पहाड़ की प्रतिभाएं राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का पूरा दमखम रखती हैं।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!